मटौंध। दबंगों द्वारा थाने के पास युवक को दौड़ाकर पीटने के मामले में दर्ज एफआईआर में नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर भी आरोप होने संबंधी खबर छपने पर आपा खो बैठे ईओ द्वारा संवाददाता को तीन दिन के अंदर खामियाजा भुगतने की खुली धमकी के मामले में पुलिस ने यहां ईओ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बा निवासी मुबीन अहमद पुत्र हबीब को दो जून की शाम थाने के नजदीक दो नामजद और दो अज्ञात दबंगों ने हमलाकर मारापीटा था। मुबीन ने दर्ज कराई एफआईआर में आरोप लगाया था कि यह हमला ईओ नरेंद्र मिश्रा अपने खास गुर्गों से करवाए हैं। तहरीर के आधार पर यह खबर चार जून को अमर उजाला में प्रकाशित हुई। इस पर उसी दिन ईओ नरेंद्र मिश्रा ने अपने फोन पर संवाददाता जमकर धमकाया। भद्दी-भद्दी गालियां दीं। कहा कि तीन दिन के अंदर वह अपनी तहरीर और खबर तैयार रखें।
इस पर कस्बा निवासी जगदेव सिंह कुशवाहा की तहरीर पर यहां थाने में ईओ नरेंद्र मिश्रा के विरुद्ध धारा 504, 506 आईपीसी की एफआईआर दर्ज की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईओ ने अपने मोबाइल फोन से लगभग 10 मिनट तक धौंस धमकी दी। इस धमकी आडियो क्लिप भी उच्चाधिकारियों सहित थाना पुलिस को दी गई है।
पत्रकार को धमकाने वाले ईओ के खिलाफ रिपोर्ट
खबर छापने पर खुलेआम दी थी धमकी
मटौंध नगर पंचायत ईओ का मामला
अमर उजाला ब्यूरो