अतर्रा। तालाब में नहाते समय बच्ची डूब गई। उसे बचाने में चचेरी बहन भी डूबने लगी। घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को बमुश्किल बाहर निकाला, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव निवासी कलुआ की छह वर्षीय बेटी नेहा गुरुवार की सुबह चचेरी बहन शिवानी के साथ घर के नजदीक स्थित तालाब नहाने गई थी। नहाते समय नेहा का पैर फिसल गया और गहरे पानी में समाने लगी। उसे बचाने में चचेरी बहन शिवानी भी डूबने लगी।
शोर सुनकर घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर दोनों बालिकाओं को किसी तरह बाहर निकाला। शिवानी तो बच गई, लेकिन नेहा के पेट में पानी अधिक चले जाने से उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही परिजन भी तालाब पहुंच गए। माता-पिता बेटी नेहा के शव से लिपटकर बिलखते रहे। थाना इंसपेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि बालिका के डूबने की सूचना मिली है। जांच कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।