बांदा। कोरोना के बदले स्वरूप ओमिक्रॉन को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है। विदेश से लौटने वाले 43 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनके अलावा उनके परिवार और रिश्तेदारों के भी नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। ओमिक्रॉन को लेकर विदेश से आने वालों पर ज्यादा नजर है। पिछले नवंबर माह से इनकी वापसी में भी तेजी आई है। प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.एमसी पाल ने बताया कि जो नमूने लिए जा चुके हैं, उनमें ज्यादातर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुछ लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी आठ ब्लाकों में रैपिड रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. प्रसून खरे ने बताया कि रोजाना 2000 से बढ़ाकर 2500 नमूने लिए जा रहे हैं।
पॉजिटिव हो गया लापता
सूचना है कि इसी माह विदेश से लौटे एक युवक को लखनऊ में जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वह बबेरू क्षेत्र का रहने वाला है। लखनऊ से रिपोर्ट आने पर यहां स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। आनन-फानन पॉजिटिव व्यक्ति की तलाश शुरू की गई, लेकिन मौके पर नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिवार के सात सदस्यों के नमूने लेकर जांच कराई। सभी की निगेटिव रिपोर्ट आई है। सीएमओ डॉ.वीके तिवारी ने बताया कि स्वीकार किया कि पॉजिटिव रिपोर्ट वाला व्यक्ति तलाश के बाद भी नहीं मिल सका।