बांदा। जगह-जगह ट्रांसफार्मरों में आग और फाल्टों ने पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ध्वस्त कर दी। लाखों उपभोक्ता रात-दिन गर्मी में बेचैन हो गए। दो दिन के अंदर शहर में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रांसफार्मर आग का गोला बन चुके हैं। बुधवार की रात शहर के व्यस्त इलाके अमर टाकीज के पास लगे तीन ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लग गई। आसपास रखीं गुमटियां भी जल गईं। आधे शहर की बिजली गुल हो गई। आधी रात के बाद कुछ इलाकों में आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन कई इलाकों में रातभर बिजली नहीं रही। फाल्ट और अग्निकांडों की भरमार ने सुधार के नाम पर किए करोड़ों रुपये खर्च की पोल खोल दी है।
बुधवार को अमर टाकीज के अलावा सर्वोदय नगर के ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी। उधर, लिटिल एंजेल स्कूल के पास और कालूकुआं पुलिस चौकी के पीछे लगे ट्रांसफार्मरों में भी भीषण आग लग गई। इसके दो दिन पूर्व भूरागढ़ सब स्टेशन की इनकमिंग केबल और मुख्य आइसोलेटर में फाल्ट आने से लगभग पूरी रात बिजली गुल रही। गुरुवार को नवाब टैंक और पेयजल फीडर बंद रहे। इसके पहले खाईंपार में लगे ट्रांसफार्मर में आग लग चुकी है। कुल मिलाकर भीषण गर्मी और उमस के बीच एक साथ पूरे शहर को बिजली दे पाने में पावर कारपोरेशन के पसीने छूट रहे हैं। फाल्टों की भरमार आ गई है।
अवर अभियंता कांता प्रसाद ने बताया कि ओवरलोडिंग और तापमान में अधिकता से ट्रांसफार्मरों में आग लग रही है। लगभग सभी जगह ट्रांसफार्मर और अन्य फाल्ट दुरुस्त कर दिए गए हैं। नियमित आपूर्ति की कोशिश की जा रही है।
18 घंटे का दावा, 12 घंटे भी बिजली के लाले
तिंदवारी/ओरन/खप्टिहा कलां। चुनाव बाद बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। बमुश्किल 12 घंटे आपूर्ति हो रही है। उधर, फाल्टों से बार-बार बिजली ठप हो रही है। मनोज गुप्ता, विवेक सिंह, डॉ. राजेंद्र तिवारी, धीरज गुप्ता, राममिलन, धनराज, शिवनायक सिंह आदि ने सीएम व डीएम को पत्र भेजकर नियमित आपूर्ति की मांग की है। उधर, अवर अभियंता राहुल सिंह ने बताया कि ओवरलोड के चलते बिजली कटौती ऊपर से की जा रही है।
कमासिन में बिजली कटौती व थोड़ी-थोड़ी देर में होने वाली बिजली की टिपिंग से बिजली उपकरण फुंक रहे है। अरुण कुमार मिश्रा, आरके यादव, शत्रुघ्न सिंह ने स्वास्थ्य मेले में आए सांसद आरके पटेल को समस्या से अवगत कराया। ओरन में बिजली कटौती से आजिज लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सुधार की मांग की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार, रमाकांत त्रिपाठी, श्रीकांत, वैदेही शरण, रफीक खां, राजेश शिवहरे, अफरीदी गुप्ता मौजूद रहे।
उधर, खप्टिहा कलां के ग्रामीणों ने सीएम को पत्र भेजकर बताया कि खेत, खलिहानों में गेहूं की कतराई हो रही है। ऐसे में रात के समय बिजली के गुल रहने से किसानों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। बिजली न मिलने से आटा चक्की, स्पेलर आदि शोपीस बनकर रह गए। सुधार की मांग की है।