बांदा। बाइक साइलेंसर से निर्धारित 80 डेसिबल से ज्यादा ध्वनि निकलने पर तीन बुलेट बाइक का चालान कर उनके स्वामियों से 10-10 हजार रुपये समन शुल्क वसूला। इसके अलावा बिना हेलमेट और कागज के लगभग 20 बाइकों का चालान हुआ। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत चेकिंग अभियान चलाया गया।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शनिवार को परिवहन विभाग के एआरटीओ रामसुमेर यादव और यातायात पुलिस निरीक्षक मधुसूदन शुक्ला के नेतृत्व में अलीगंज पुलिस चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया गया।
तीन बुलेट बाइक के साइलेंसर परिवर्तित पाए गए। इनमें निर्धारित से ज्यादा तेज आवाज निकल रही थी। पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया। यातायात निरीक्षक ने बताया कि दो पहिया/चार पहिया वाहनों और खासकर बुलेट बाइक स्वामियों द्वारा साइलेंसर परिवर्तित कराने से निर्धारित मानक से ज्यादा ध्वनि निकलती है।
इस पर हाईकोर्ट लखनऊ ने आदेश दिए थे कि ऐसे वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए और परिवर्तित साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न हटा दिया जाए। इसी के तहत बुलेट स्वामियों पर कार्रवाई की गई है।