बांदा। स्व. शैलेंद्र सिंह मेमोरियल बुंदेलखंड ओपेन अंतरराज्यीय बैडमिंटन में पहले दिन इंदौर, रीवां और मेजबान बांदा के खिलाड़ियों का पलड़ा भारी रहा। तीन दिवसीय टूर्नामेंट 13 मार्च तक चलेगा।
शुक्रवार को देर शाम हार्पर क्लब हाल में जिला जज गजेंद्र कुमार ने उद्घाटन किया। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश अशरफ अंसारी और सिटी मजिस्ट्रेट केशवनाथ गुप्ता भी उपस्थित थे। पहले दिन रोनी (इंदौर) ने मृगेंद्र (रीवां) को सिंगल मैच में तीन सेटों में 21-14, 17-21 और 16-21 से पराजित किया। आकाश जायसवाल (रीवां) ने आदित्य (बांदा) को दो सीधे सेटों में 21-15 और 21-16 से हराया।
शुभम (बांदा) ने आर्यन (प्रयागराज) को तीन सेटों के मैच में 21-18, 14-21 और 21-9 से शिकस्त दी। रऊफ (महोबा) ने राजवीर (बांदा) को सीधे सेटों में 21-18 व 21-18 से हराया। सुमित तोमर (प्रयागराज) ने शाश्वत परमार (प्रयागराज) को सीधे सेट में 21-10 व 21-16 से पराजित किया। सचिन (इंदौर) ने अनुपम (बांदा) को 21-7 व 21-16 से हराया।
तीन दिवसीय टूर्नामेंट में यूपी-एमपी के बुंदेलखंड जनपदों की टीमों सहित राजस्थान के भी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजक नरेंद्र सिंह ने बताया कि तीन वर्गों में मैच हो रहे हैं। इनमें पुरुष वर्ग एकल व पुरुष वर्ग युगल और 45 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ खिलाडिय़ों के वर्ग शामिल हैं। विजेता और उप विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मैच रोजाना सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक चलेंगे।
उद्घाटन के अवसर पर हार्पर क्लब सचिव सीरजध्वज सिंह, अंतरराष्ट्रीय शूटर रामेंद्र शर्मा, बांदा बैडमिंटन एसोसिएशन सचिव काजी जमीर अहमद, आयोजन सचिव अरुण अवस्थी, उप क्रीड़ाधिकारी शैलेंद्र कुशवाहा, डीसीए सचिव वासिफ जमां खां, राजेश दुबे, नरेंद्र तिवारी, राजन पुरवार, शशि रुपौलिहा, अजीत सिंह, राकेश सिंह, सईद अहमद, नीलेंद्र चौरसिया, विनोद श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। कोच अनवर अली के साथ जितेंद्र श्रीवास्तव, संदीप कुमार, विक्रम सिंह, अशफाक अहमद, भानु प्रताप, प्रदीप कुमार और आलोक सिंह मैच में व्यवस्थाएं संभाले रहे।