बांदा। खाद संकट से रबी बुवाई पिछड़ रही है। खाद के लिए किसान हताश और परेशान हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर बसपा नेताओं ने प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। खाद संकट से निजात दिलाने का अनुरोध किया। इसके अलावा महंगाई पर लगाम लगाने की भी मांग की।
शनिवार को जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह वर्मा की अगुवाई में बसपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि जनपद में खाद का भीषण संकट है। किसान एक-एक बोरी के लिए परेशान हैं।
पूरा दिन लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल पा रही। हालत यह है कि जरूरत 10 बोरी खाद की है और मिल मात्र एक बोरी रही है। इससे रबी फसल की बुवाई पिछड़ रही है। किसान परेशान हैं। जल्द संकट दूर करने का अनुरोध किया है। इसके अलावा ज्ञापन में डीजल-पेट्रोल, गैस की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने, किसानों की धान फसल की लागत से दोगुना समर्थन मूल्य दिलाने, सभी खरीद केंद्रों में धान खरीदने और केंद्र बढ़ाने, आपराधिक घटनाएं रोकने आदि मांगें शामिल रहीं।
ज्ञापन देने वालों में अय्यूब खां, इमरान, कृष्णा प्रजापति, शिवचरन वर्मा, बल्देव प्रसाद वर्मा, रामशरण वर्मा, शमीम खां, मातादीन अंबेडकर, शिवकरण दिनकर, शिवदयाल रत्नाकर, आशुतोष भास्कर, धीरज राजपूत, विजय बहादुर वर्मा, राहुल वर्मा, मधुराज पाल, डा. घनश्याम सिंह खेंगर, इरफान अली, संतोष वर्मा आदि उपस्थित रहे।