बांदा। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन से कुचलकर हुई एमआर की मौत पर भाई ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस सड़क हादसा मान रही है। पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी अनंत द्विवेदी (25) एमआर का काम करता था। वह शुक्रवार की देर शाम कबरई से डॉक्टरों की विजिट कर बाइक से वापस घर आ रहा था। मटौंध थाना से एक किलोमीटर दूर सामने से आए वाहन ने उसे कुचल दिया था। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वाहन चालक वाहन समेत भाग निकला था। एमआर के बड़े भाई शुभम द्विवेदी ने बताया कि घटना से 15 मिनट पहले उसने फोन से रिश्तेदारों से बात की थी। इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिली। बाइक भी क्षतिग्रस्त नहीं हुई थी। बताया कि पिता की कई लोगों से रंजिश है। आशंका जताई है कि रंजिश के चलते उसे मारा गया है। उधर, मटौंध थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि ढाबे वालों ने हादसे की जानकारी दी थी। हत्या जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। अज्ञात वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया है।