BKU female leader dies due to car collision
- फोटो : BANDA
खप्टिहा कलां। धरने में शामिल होने स्कूटी पर तहसील मुख्यालय पैलानी आ रहीं भाकियू महिला नेता की कार से टकराकर मौत हो गई। कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। महिला नेता हेलमेट नहीं लगाएं थीं।
पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा की रहने वाली रश्मि सिंह (35) भारतीय किसान यूनियन में जसपुरा ब्लाक अध्यक्ष थीं। बुधवार को वह किसान यूनियन के धरने में शामिल होने खुद स्कूटी चलाकर पैलानी जा रही थीं। केन नदी पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को ठोकर मार दी।
रश्मि सिंह स्कूटी सहित दूर जा गिरीं। बेहद नाजुक अवस्था में उन्हें ग्रामीणों ने मुख्यालय स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां उनकी मौत हो गई। उधर, कार चालक शुभम सिंह (सिंधन कलां) को पुलिस ने हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले ली। मृतका के देवर राजन ने पैलानी थाने में सड़क दुर्घटना की सूचना दी है।
किसान यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष हरदत्त पांडेय ने गहरा दुख जताते हुए बताया कि यूनियन की हर माह होने वाली पंचायत में रश्मि सिंह शामिल होती थीं। किसान नेता ने 10 लाख रुपये मुआवजे की सरकार से मांग की। पति मदन रोडवेज में संविदा कर्मी है।