बांदा। घर से लापता भाजपा नेता के 13 वर्षीय पुत्र का शव केन नदी में मिला। पिता और भाई ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मोबाइल, बाइक और कपड़े अलग-अलग स्थानों पर मिले हैं। आरोप लगाया कि साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए बेटे के कुछ दोस्तों को हिरासत में ले रखा है। हालांकि पुलिस नदी में डूबने से मौत मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के कनवारा गांव में स्थित केन नदी में बुधवार को सुबह पानी में शव मिला। उसकी पहचान शहर के बंगालीपुरा निवासी व भाजपा सेक्टर संयोजक संजय त्रिपाठी के पुत्र अमन त्रिपाठी के रूप में हुई। मां मधु त्रिपाठी नगर पालिका की पूर्व सभासद हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाई रवींद्र त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे अमन घर का मोबाइल फोन लेकर बाइक से निकल गया था। फिर नहीं लौटा। उसकी काफी खोजबीन की गई। कोई सुराग न लगने पर पिता ने कोतवाली नगर में गुमशुदगी दर्ज करा दी। एसओजी और पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश के साथ मोबाइल डिटेल व लोकेशन खंगालना शुरू कर दी।
मंगलवार को सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के दरदा गांव के पास उसका मोबाइल मिला। कनवारा रोड पर स्थित हॉटमिक्स प्लांट के नजदीक बाइक भी बरामद हो गई। पुलिस ने भी हत्या मानकर जांच तेज कर दी। अमन के कुछ दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
एसपी अभिनंदन और एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने फोर्स के साथ केन नदी पहुंचे और निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल के आसपास जांच के लिए नमूने इकट्ठा किए। एसपी ने बताया कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच में अमन की नदी में डूबकर मौत होना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
साजिश के तहत की गई भाई की हत्या
भाई रवींद्र सिंह ने नदी में डूबने से मौत की बात को सिरे से नकार दिया है। उसका कहना है कि सोची-समझी रणनीति के तहत छोटे भाई अमन की हत्या की गई है। नदी में डूब गया था तो दोस्तों को यह बात घर में आकर बताना चाहिए थी, लेकिन दोस्तों ने शातिर अंदाज अपनाया है। अमन का मोबाइल दरदा गांव के पास फेंक दिया। लगभग एक किलोमीटर दूर उसकी बाइक मिली। अमन के पूरे कपड़े अतर्रा रोड स्थित एक ढाबे के पास नहर में पाए गए हैं। इससे प्रतीत होता है कि साजिश के तहत हत्या की गई है।
कोचिंग जाने की बात कहकर निकला था अमन
अमन त्रिपाठी ने घर से निकलते समय मां को बताया था कि पहले वह कोचिंग जाएगा, फिर डीएम कालोनी निवासी दोस्त के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होगा, लेकिन उसके गुम होने के बाद जब परिजनों ने पता किया तो अमन न कोचिंग गया था और न ही जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। भाई के मुताबिक कोचिंग शिक्षक लवलेश का कहना था कि अमन खत्रीपहाड़ जाने की बात कहकर पढ़ने नहीं आया। दोस्त ने बताया कि अमन को पार्टी में आना था, पर वह नहीं आया। हालांकि सर्विलांस की मदद से सटीक लोकेशन मिलने के बाद एसओजी व पुलिस ने दोस्त सम्राट को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। उसने सब सच उगल दिया। पुलिस के मुताबिक दोस्त का कहना था कि वे नदी नहाने गए थे। तभी अमन त्रिपाठी डूब गया। किसी को तैरना नहीं आता था। इसलिए कोई कुछ नहीं कर सका। घटना से सभी दोस्त घबरा गए थे।
नाविक ने खोजने के लिए मांगे थे 1100 रुपये
नदी में डूबे अमन को ढूंढने के लिए नाविक ने 1100 रुपये मांगे, लेकिन दोस्तों के पास इतने रुपये न होने पर घर लौट आए। यह बात मृतक के भाई रवींद्र त्रिपाठी ने बताई। बताया कि दोस्तों ने पुलिस को बताया कि नाविक ने अमन को नदी में ढूंढने के लिए 1100 रुपये की मांग की, लेकिन किसी के पास इतने रुपये नहीं थे। रुपये न होने पर नाविक ने भी इनकार कर दिया और आगे बढ़ गया। समय पर अमन की खोजबीन हो जाती तो शायद उसकी जान बच जाती।
पोस्टमार्टम में बिसरा किया सुरक्षित
बांदा। पानी में होने से अमन त्रिपाठी का शव बुरी तरह गल चुका था। सूत्रों के मुताबिक दो डाक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया गया। कोई चोट आदि के निशान नहीं पाए गए। बिसरा सुरक्षित किया गया है। उधर, कोतवाली पुलिस मृतक के करीब चार दोस्तों को हिरासत में लिए है। उनसे पूछताछ जारी है।
BJP leader's missing son's body found in Ken river- फोटो : BANDA