बांदा/खप्टिहा कलां। दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी चंद्रदीप उर्फ भोला (29) पुत्र शिव प्रताप अपने साथी ललित मिश्रा (28) और छोटू यादव (32) के साथ गुरुवार की देर रात दोस्त की बहन की शादी में एक बाइक से बरेठीकलां गांव जा रहे थे। बछेउरा गांव के नजदीक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रात होने से देर तक तीनों लहूलुहान अवस्था में घटनास्थल पर ही तड़पते रहे। वहां से गुजरे गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टर ने चंद्रदीप को मृत घोषित कर दिया। ललित और छोटू की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। बाइक कमल की बताई गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
भाई कुलदीप ने बताया कि चंद्रदीप तीन भाइयों में छोटा था। चार साल पूर्व पिता की मौत के बाद चंद्रदीप ने भी खेतीबाड़ी में हाथ बंटाना शुरू कर दिया था। तीनों भाई मिलकर 22 बीघा जमीन में खेती कर गुजर बसर कर रहे थे। उसकी शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां शैलकुमारी बेसुध है। भाई के मुताबिक कुछ लोग ट्रक से हादसा होना बता रहे हैं। थाना पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।