बांदा। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। युवक अपनी बहन को छोड़ने ससुराल जा रहा था। पुलिस को घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला। पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया।
कमासिन थाना क्षेत्र के खटान गांव निवासी धर्मपाल वर्मा का पुत्र सोनू वर्मा (22) शनिवार को शाम को बाइक पर अपनी बहन निराशा (30) पत्नी श्याम को छोड़ने उसकी ससुराल बीरा गांव जा रहा था। सांड़ी तिराहा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना से पिकअप भी असंतुलित होकर खंती में फंस गई। लेकिन चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर कमासिन थाना पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने निराशा को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद भाई सोनू की भी मौत हो गई। दोनों शवों को मर्च्युरी में रखा दिया गया। दो मौतों से परिजन बेहाल हैं। थाना इंसपेक्टर एनके नागर ने बताया कि पिकअप कब्जे में ले ली गई है। चालक भाग निकला।