बांदा/गिरवां। गिरवां थाना क्षेत्र में बाइक व आटो की भिड़ंत में बाइक चालक की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे दो लोग व ऑटो में सवार पांच लोग भी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को 108 एबुंलेस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव निवासी राकेश मोहन (25) गांव के दो साथियों विद्या सागर (25) व कमल सिंह (26) के साथ सोमवार देर शाम गिरवां से अपने गांव पैगंबरपुर बाइक से जा रहे थे। वह गांव के पास पहुंचे थे तभी बांदा से नरैनी जा रहे ऑटो से बाइक की टक्कर हो गई।
इससे बाइक चालक राकेश मोहन की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठे विद्या सागर व कमल सिंह घायल हो गए। हादसे में ऑटो सवार नरेंद्र पाल (30) निवासी पतरहा, श्रीकांत (44) निवासी राजनगर, नरैनी, मधु (22) निवासी रिसौरा, सियालाल (50) निवासी मुरवां, प्रभावती निवासी रिसौरा गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।