बांदा की चुनावी सभा में मंच से श्रोताओं का अभिवादन करते गृह मंत्री अमित शाह। साथ में बांदा, हमीरप?
- फोटो : BANDA
मटौंध (बांदा)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सपा-बसपा सरकार में यहां कट्टे बनते थे। अब मोदी सरकार ने गोला और मिसाइल बनाने के लिए कॉरिडोर स्वीकृत किया है। बुंदेलखंड में निर्मित मिसाइल दुश्मन देशों पर गोले दागेगी। बुंदेली मतदाताओं को लुभाते हुए कहा कि चार दशकों पूर्व यहां से चोरी गई योगिनी देवी की मूर्ति को भाजपा सरकार वापस लाई है।
शनिवार को यहां भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधर गई है। अपराध में बड़ी कमी आई है। सवालिया लहजे में कहा कि क्या सपा, बसपा और कांग्रेस आतंकवाद को खत्म कर सकती हैं? कहा कि बुंदेलखंड के लिए मोदी और योगी सरकारों ने ढेर सारी योजनाएं लागू की हैं। जल मिशन योजना से हर घर को नल से पानी मिलेगा।
गलती से भी सपा सरकार बन गई तो बुंदेलखंड में फिर तमंचे बनने लगेंगे। जबकि भाजपा के जीतने पर यहां गोला-बारूद बनेंगे जो जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान में दागे जाएंगे। फिर शाह ने रानी दुर्गावती और देवी योगिनी के नारे भी लगवाए।
प्रत्याशी रामकेश निषाद, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह सहित हिमांशु दुबे, जिला संयोजक संजय सिंह, जिला प्रभारी कमलावती सिंह, सांसद आरके सिंह पटेल (बांदा) व कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चौहान (हमीरपुर), जगराम सिंह चौहान, बालमुकुंद शुक्ल, आनंद स्वरूप द्विवेदी, श्वेता सिंह गौर, रामकरन सिंह बच्चन, वंदना गुप्ता आदि उपस्थित रहे।