बांदा। चेकिंग के दौरान सात सवारी बिना टिकट मिलने और यात्रियों के चेकिंग दल के साथ मारपीट करने के मामले कार्रवाई हुई है। प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक विनय कुमार ने बस चालक व परिचालक को ड्यूटी से हटाकर विभागीय जांच बैठा दी है। वहीं, शनिवार को परिचालक रमाशंकर ने चेकिंग दल पर जबरन बस को खड़ा कर अभद्रता करने की व यातायात निरीक्षकों ने परिचालक पर मारपीट के लिए यात्रियों को उकसाने और सात यात्रियों को बिना टिकट यात्रा कराने की बिवांर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार की रात राठ डिपो की बस लखनऊ से राठ आ रही थी। हमीरपुर के छानी गांव के पास मंडलीय चेकिंग दल के यातायात निरीक्षक प्यारेलाल व संतोष कुमार ने चेकिंग के नाम पर बस को करीब 30 मिनट तक रोक लिया था। बस में सात सवारी बिना टिकट मिली थीं। इस बीच यात्रियों ने दोनों यातायात निरीक्षकों को गाड़ी से घसीटकर पीट दिया था। जिसका किसी यात्री ने वीडियो वायरल कर दिया। चित्रकूटधाम मंडल के प्रभारी आरएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बस के चालक नजाकतउल्ला और परिचालक रमाशंकर राजपूत को अग्रिम आदेश तक ड्यूटी से हटाकर दोनों के खिलाफ जांच बैठा दी है।