मटौंध (बांदा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात ट्रक का टायर बदल रहे चालक और खलासी को दूसरे तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों की जान लेने वाले वाहन को चालक लेकर भाग गया। मरने वाले अमेठी व सुल्तानपुर के रहने वाले थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पत्थर मंडी कबरई जिला महोबा से गिट्टी लादकर ट्रक सुल्तानपुर जा रहा था। देर रात करीब एक बजे झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर मटौंध थाना क्षेत्र में खैराडा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक का पहिया पंचर हो गया। चालक राकेश कुमार यादव (37) व क्लीनर बृजेश कुमार अनुरागी (27) ट्रक का पहिया बदलने लगे।
इसी दौरान वहां से गुजरे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने वाला चालक मौके वाहन लेकर भाग गया। कुछ देर बाद राहगीरों ने दोनों के शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी।
मटौंध थाना थाना प्रभारी अरविंद सिंह गौर के मुताबिक चालक राकेश अमेठी जिले के कस्थोनी गांव का रहने वाला था। जबकि खलासी बृजेश सुल्तानपुर के सरैंया गांव का बताया गया है। दोनों सुल्तानपुर के रामापुर निवासी पराग यादव के ट्रक में चालक और खलासी थे।
ट्रक मालिक ने मटौंध थाने में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी अभिनंदन ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ राकेश कुमार सिंह ने भी ट्रक का पहिया बदलते समय अज्ञात वाहन से कुचलकर चालक व खलासी की मौत होना बताया गया है।
परिवार का पालनहार था राकेश
बांदा। चालक व खलासी की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन शनिवार को सुबह बांदा आ गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस में चालक राकेश कुमार के साले वंशराज यादव ने बताया कि परिवार का पालनहार राकेश ही था। घर में मात्र एक बीघा खेती है। पत्नी सुनीता यादव के अलावा 15 वर्ष का बेटा शिवम और 11 वर्ष की बेटी रोशनी है। उधर, खलासी बृजेश कुमार की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में मां ऊषा और बड़ा भाई मुकेश है।
बांदा हादसाः पोस्टमार्टम हाउस में मृतक ड्राइवर राकेश कुमार का साला व अन्य परिजन। संवाद - फोटो : BANDA
बांदा हादसाः चालक राकेश कुमार। (फाइल फोटो)। - फोटो : BANDA
बांदा हादसाः क्लीनर बृजेश कुमार। (फाइल फोटो)। - फोटो : BANDA