अतर्रा। हिंदू इंटर कॉलेज में चल रही 57वीं जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता और साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समारोह का रविवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव ने मेडल देकर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। दौड़ की तीन स्पर्द्धाओं के विजेता तीरथ प्रसाद को शील्ड दी गई। खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बांदा अव्वल तो बबेरू को दूसरा स्थान मिला। मेजबान अतर्रा तीसरे स्थान पर रहा।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि ने हनुमान जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर की। छात्र सुरेंद्र सिंह मस्ताना और रजत दुबे ने सरस्वती व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने 800 मीटर,1500 मीटर, 5000 मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले सीनियर बालक वर्ग में चैंपियन तीरथ प्रसाद को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम रहे जूनियर बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र शैलेंद्र सिंह गौतम, सब जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज बांदा के सूरज सिंह, बालिका सीनियर वर्ग में भगवती प्रसाद ओमर बालिका इंटर कॉलेज बांदा की छात्रा रामदेवी, जूनियर बालिका वर्ग में कैलाशपति इंटर कालेज बेर्रावं की सुमित्रा देवी, सब जूनियर बालिका वर्ग में भगवती प्रसाद ओमर बालिका इंटर कॉलेज बांदा की ज्योति यादव को शील्ड देकर पुरस्कृत व सम्मानित किया गया।
बांदा क्षेत्र को चैंपियन घोषित किया गया। खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बांदा को कुल 579 अंक हासिल हुए। जबकि 318 अंकों पर बबेरू दूसरे व मेजबान अतर्रा 151 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। 116अंक हासिल करने पर तिंदवारी को चौथा स्थान मिला। कार्यक्रम में संयोजक व प्रधानाचार्य डॉ.विनोद कुमार त्रिपाठी, रैली अध्यक्ष डीआईओएस डॉ. ओमप्रकाश मिश्र, जिला पंचायत संचालन समिति अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, ब्लाक प्रमुख महुआ रविशंकर द्विवेदी, शिक्षक नेता मिथिलेश पांडेय, पतिराखन सिंह समेत सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। संचालन रंगनाथ पांडेय रंग ने किया।