बांदा। उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के बांदा और महोबा रेलवे स्टेशनों पर अगले माह से वाईफाई सेवा शुरू हो जाएगी। यात्रियों को इसका लाभ मुफ्त मिलेगा। इसके अलावा चित्रकूट, खजुराहो समेत छह स्टेशन वाईफाई सेवा के लिए प्रस्तावित हैं। चित्रकूट में तो सर्वे भी हो चुका है।
‘ए’ व ‘बी’ श्रेणी के स्टेशनों को वाईफाई सेवा से जोड़ा जा रहा है। इसमें उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में आठ रेलवे स्टेशन शामिल किए गए हैं। इसका दायित्व रेल टेल कंपनी को सौंपा गया है। बांदा और महोबा में वाई-फाई सुविधा से संबंधित कार्यों को पूरा कर लिया गया है।
कंपनी के सहायक मैनेजर आरपी दीक्षित ने बताया कि बांदा में प्लेटफार्म नंबर-1, 2 व 3 और प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय, गैलरी, सर्कुलेटिंग एरिया आदि में 13 अतिरिक्त प्वाइंट बनाए गए हैं। महोबा में प्लेटफार्म और प्रतीक्षालय समेत आठ स्थानों पर प्वाइंट बनाए गए हैं। दोनो स्टेशनों पर अगले माह से यह सेवा शुरू करने के लिए रेल टेल कंपनी के सहायक मैनेजर अंगद यादव लखनऊ, सीनियर मैनेजर संजय मिश्रा, डिप्टी मैनेजर कृष्ण कुमार ने निरीक्षण किया है।
उन्होंने कहा कि महोबा व बांदा में वाई-फाई सेवा से संबंधित 99 फीसदी कार्य पूरे हो गए हैं। नेट पार्किंग का मामूली काम शेष है। अगले माह से नि:शुल्क सेवा शुरू हो जाएगी। यात्री वाईफाई से जुड़कर नेट के माध्यम से ट्रेनों के आने-जाने आदि की लोकेशन प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन चित्रकूट, खजुराहो, अतर्रा, रागौल, घाटमपुर, भरूआ सुमेरपुर में भी वाई-फाई सेवा शुरू होना है। चित्रकूट में सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। अन्य में भी जल्द सर्वे कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
वाईफाई सेवा में एक प्वाइंट का दायरा 25 मीटर तक होगा। इससे लगभग सौ मोबाइल फोन हाईस्पीड डाटानेट पर एक साथ चलाए जा सकेंगे। बांदा में वाईफाई का कुल दायरा 325 और महोबा में 200 मीटर होगा।