जनपद की सड़कों की बदहाली और गड्ढों पर जिला पंचायत की बैठक में सांसद भैरो प्रसाद मिश्र और विधायक प्रकाश द्विवेदी ने चिंता जताते हुए इन्हें शत-प्रतिशत दुरुस्त करने पर जोर दिया। अन्ना पशुओं के लिए पशु आश्रय स्थल को शासन से मिली राशि से बाउंड्रीवाल और बाड़ा बनवाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बुधवार को जिला पंचायत सभागार में बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष सरिता द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई। पशु आश्रय स्थल के चारों तरफ खाईं खोदने को अव्यवहारिक बताते हुए जालीयुक्त तार लगाने की सलाह दी गई। पशुधन विकास अधिकारी ने पांच पशु आश्रय स्थल बनाए जाने की जानकारी दी।
जिला पंचायत सदस्यों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से अपने क्षेत्र के कम से कम 5 जोड़ों का विवाह कराने का प्रस्ताव पारित किया। जिला पंचायत सामूहिक विवाह भी कराएगी। पंचायत की भूमि पर दुकानें और कांप्लेक्स बनाने का निर्णय लिया गया। जर्जर कांजी हाउस से अवैध कब्जे हटाकर उनकी मरम्मत कराई जाएगी। पुराने निर्माण कार्यों के भुगतान में जीएसटी शामिल करने का प्रस्ताव पारित हुआ।
जिला पंचायत द्वारा प्रस्तुत उप विधि संशोधन में उपविधियों की जांच व स्थानीय परिस्थितियों के मुताबिक संशोधन करने के लिए आठ सदस्यों की समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। बांदा शहर में नार्मल स्कूल की भूमि पर भव्य शापिंग कांप्लेक्स और दुकानें बनाने की चर्चा हुई। बैठक में सीडीओ हीरालाल, सदस्य अरुण कुमार सिंह, मंजू देवी, सुधीर कुमार कुशवाहा, रामबाबू, मीना कुमारी, राजभवन उपाध्याय, नीतू सिंह, सुकदेव प्रसाद, सीता, दीपा सिंह गौर, राजकुमार यादव, जितवा, कैलशिया, प्रीतिकुमारी, अंजना सिंह, नीलम देवी, अरविंद, असलम खां, विनीतिका, खैरुन निशा, पुष्पा, आशा वर्मा, आराधना, राजेश शिवहरे आदि उपस्थित रहे।