बांदा। प्राइवेट चैनलों की होड़ के चलते दूरदर्शन की चमक फीकी पड़ने के साथ अब प्रसार भारती (भारत का लोक सेवा प्रसारक) ने भी इसे घाटे का सौदा मान लिया है।
प्रसार भारती प्रबंधन की पिछले माह हुई बैठक में तीन चरणों में देश के 412 रिले केंद्रों को बंद करने का निर्णय लिया गया। इनमें उत्तर प्रदेश के 27 रिले केंद्र भी शामिल हैं, जिनमें सेंट्रल यूपी के बांदा, कर्वी, कानपुर, इटावा, हरदोई, उरई, औरैया भी हैं।
दूरदर्शन महानिदेशालय के निदेशक (अभियंता) आरएन मीना ने 20 सितंबर को जोन के निदेशकों और उप निदेशकों को पत्र जारी कर बताया कि 18 अगस्त को प्रसार भारती सचिवालय द्वारा की गई प्रबंधन की बैठक में तीन चरणों में देश में दूरदर्शन के रिले केंद्र बंद किए जाएंगे।
बताया कि पहले चरण में 31 अक्तूबर को देश के 152 और प्रदेश के 15 दूरदर्शन रिले केंद्र बंद होंगे, जिनमें सेंट्रल यूपी के कानपुर, बांदा और औरैया भी शामिल हैं। साथ ही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर के रिले केंद्र भी शामिल हैं।
दूसरे चरण में 31 दिसंबर को देश के 109 रिले केंद्र बंद किए जाएंगे, जिनमें यूपी के तीन केंद्र चित्रकूटधाम मंडल का कर्वी (चित्रकूट), बहराइच और लखीमपुर शामिल हैं।
तीसरे और आखिरी चरण में देश के 151 दूरदर्शन रिले केंद्र 31 मार्च 2022 को बंद किए जाएंगे। इनमें यूपी के नौ इटावा, हरदोई, उरई, आगरा, फतेहगढ़, बलिया, शाहजहांपुर, अलीगढ़ और मऊ भी शामिल हैं। बंद होने वाले रिले केंद्रों के सामानों की सूची भी तैयार कराई जाने लगी है।
इन सामानों की सूची प्रसार भारती की वेबसाइट में अपलोड किया जाएगा। साथ ही रिले केंद्रों में तैनात अभियंताओं और कर्मियों को दूसरे स्थानों में नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इन कर्मियों से पसंदीदा चार-चार स्थानों के साथ आवेदन करने को कहा गया है।
पहला चरण (31 अक्तूबर) में बंद होने यूपी के रिले केंद्र---
वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, बांदा, औरैया, इलाहाबाद, बरेली, अमरोहा, रामपुर, एटा, मैनपुरी, अकबरपुर, बस्ती, फैजाबाद, गोंडा।
दूसरा चरण (31 दिसंबर)
कर्वी (चित्रकूट), बहराइच और लखीमपुर।
तीसरा चरण (31 मार्च 2022)
इटावा, हरदोई, उरई, आगरा, फतेहगढ़, बलिया, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मऊ।