बलरामपुर। घर के पास पोखर में पैर फिसलने से कोतवाली देहात के रछोड़ा गांव निवासी सुखदेव (24) की मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रछोड़ा गांव निवासी अरुण कुमार ने मंगलवार को बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह खेत में काम कर रहे थे। उनका भतीजा सुखदेव घर पर था। एकाएक गांव के बच्चे शोर मचाते हुए खेत पहुंचे और सुखदेव के पोखर में डूबने की जानकारी दी। इस पर जब वह भागकर पोखर पर पहुंचे तो वहां पर भीड़ लगी हुई थी। गांव के कुछ लोग पोखर में उसकी तलाश कर रहे थे। करीब आधे घंटे बाद तैराकों ने सुखदेव को बाहर निकाला। तत्काल उसे जिला मेमोरियल अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। नगर कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।