बलरामपुर। जिले के सभी वोटरों को ईवीएम व वीवीपैट की जानकारी दी जाएगी। वोटरों को जागरुक करने के लिए एक से 30 दिसंबर तक दो एलईडी वैन से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। व्यापक प्रचार-प्रसार से वोटरों को अपना मतदान करने के बारे में जानकारी मिलेगी। विधानसभा चुनाव 2022 में मतदान के लिए पर्याप्त मात्रा में ईवीएम व वीवीपैट मशीनें तैयार कराई जा रही हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम राम अभिलाष ने सोमवार को बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 में वोटरों को ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को चलाने का तरीका सिखाने के लिए निर्वाचन आयोग की तरफ से प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रचार-प्रसार कराने के लिए आयोग की तरफ से दो एलईडी वैन भेजी गई है। एक से 30 दिसंबर तक जिले में एलईडी वैन प्रचार-प्रसार करेगी। विधानसभा क्षेत्र सदर व तुलसीपुर में एक से 15 दिसंबर तक एलईडी वैन चलाई जाएगी। विधानसभा गैसड़ी व उतरौला में 16 से 30 दिसंबर तक दोनों एलईडी वैन ईवीएम व वीवीपैट का प्रचार-प्रसार करेंगी।
एलईडी वैन के माध्यम से तकनीकी सहायकों की तरफ से सार्वजनिक स्थलों व शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एलईडी वैन पर एक-एक पुलिस कर्मियों को भी सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
तीनों तहसीलों के एसडीएम को विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कराने का जिम्मेेेदारी दी गई है। डीपीआरओ व प्रभारी अधिकारी ईवीएम नीलेश प्रताप सिंह को मशीनों के साथ-साथ पावर बैंक बैटरी, पेपर रोल व अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का जिम्मा दिया गया है।