बलरामपुर। जिला पुस्तकालय में गुरुवार को रसोइयों की जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता कराई गई। इसमें नगर शिक्षा क्षेत्र के कन्या प्राथमिक विद्यालय आदर्श की रसोइया विमला ने प्रथम स्थान हासिल कर 3500 रुपये का नकद पुरस्कार जीता है। द्वितीय व तृृतीय स्थान के साथ-साथ प्रतियोगिता में शामिल अन्य 27 रसोइयों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया है।
अपर एसडीएम ज्योति गौतम, बीएसए डॉ. रामचंद्र, डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा व डायट की वरिष्ठ प्रवक्ता वर्चस्वनी जौहरी ने दीप जलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। जिला समन्वयक एमडीएम फिरोज अहमद ने बताया कि 30 विद्यालयों की रसोइयों की चावल, सब्जी व रोटी आदि बनाने की प्रतियोगिता कराई गई। चावल, आटा, गैस, मसाले व सब्जियों की व्यवस्था विभाग की तरफ से की गई।
भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए डीआईओएस गोविंद राम, बीएसए डॉ. रामचंद्र, जीआईसी उतरौला की प्रधानाचार्य पूजा पाठक, डॉ. नगमा, डॉ. पल्लवी आर्या, पूजा वर्मा, आसमां परवीन के साथ-साथ दस कस्तूरबा विद्यालयों व अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया। सभी रसोइयों को भोजन बनाने का पर्याप्त समय दिया गया। निर्णायक समिति की तरफ से 55 अंक निर्धारित किए गये। भोजन का स्वाद, पौष्टिक तत्व, भोजन बनाने का तरीका, स्वच्छता व सौम्य व्यवहार को अंक में शामिल किया गया।
निर्णायक समिति ने नगर क्षेत्र के कन्या प्राथमिक विद्यालय आदर्श की रसोइया विमला को प्रथम पुरस्कार में 3500 रुपये का चेक व 250 रुपये यात्रा भत्ता प्रदान किया। शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र की प्राथमिक विद्यालय अंबर नगर की रसोइया पुष्पा देवी को द्वितीय व नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरब टोला की रसोइया रीना को तृतीय पुरस्कार के लिए चुना। पुष्पा को 2500 रुपये और रीना को 1500 रुपये का चेक और यात्रा भत्ता के रूप में 250-250 रुपये दिए गये। अन्य 27 रसाइयों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 250-250 रुपये का चेक और आवागमन भत्ता के रूप में 250-250 रुपये नकद दिए गये।