फोटो-14-बलरामपुर के एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज में विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित ।-स्रो
बलरामपुर। मंडलीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में उतरौला के एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज की तीन खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली तीनों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर खेल सचिव और व्यायाम शिक्षकों ने खुशी जताई है।
गोंडा की रेलवे कॉलोनी स्थित गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में शनिवार को मंडलीय निशानेबाजी प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें बलरामपुर, गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में उतरौला के एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज की खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
विद्यालय की खिलाड़ी हजरा बानो ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। संजना देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत और निकिता मौर्या ने तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। एक ही विद्यालय की तीन खिलाड़ियों के पदक जीतने पर विद्यालय के व्यायाम शिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
खेल सचिव मो. सुहेल ने बताया कि हजरा बानो, संजना देवी और निकिता मौर्या ने सटीक निशाना साधकर जिले का मान बढ़ाया है। तीनों खिलाड़ी 17 से 19 अगस्त तक मेरठ में होने वाली प्रदेश स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में अंडर-19 बालिका वर्ग में देवीपाटन मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खेल शिक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि तीनों खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास करती हैं, जिसका लाभ उन्हें प्रतियोगिताओं में मिल रहा है। व्यायाम शिक्षक राजेश द्विवेदी, अतुल सिंह, प्रशांत सिंह, संदीप शुक्ल, उमेश तिवारी और अर्पण पांडेय आदि ने खिलाड़ियों को बधाई दी।