तुलसीपुर। आदर्श नगर पंचायत तुलसीपुर के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। करीब 40 वर्ष पुराने जर्जर नगर पंचायत कार्यालय भवन को ध्वस्त कर उसकी जगह 1.65 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला आधुनिक प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं।
करीब दो बीघे क्षेत्र में बनने वाला नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें विशाल मीटिंग हॉल, डिजिटल लाइब्रेरी, नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के लिए अलग-अलग कक्ष, जेई कक्ष और हाईटेक पार्किंग की व्यवस्था होगी। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। भवन को नगर पंचायत के प्रशासनिक कार्यों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।
पुराने भवन की हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई थी। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण सरकारी अभिलेखों के खराब होने का खतरा बना रहता था। वहीं, छत का प्लास्टर गिरने की आशंका के चलते कर्मचारियों के साथ ही कार्यालय आने वाले फरियादियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी। नए भवन के निर्माण से इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है।
एक साल में पूरा होगा निर्माण
नगर पंचायत अध्यक्ष कहकशां ने कहा कि नगर के विकास और सुंदरीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा। अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि नए भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही नगर में अन्य विकास परियोजनाएं भी जल्द शुरू की जाएंगी।