बलरामपुर। मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई बर्बरतापूर्ण घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मणिपुर की सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाय। पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराया जाय।
यह मांगें बुधवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला संयोजक लंकेश लाल जी लहरी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रखीं। इससे पहले नगर में पैदल मार्च निकालकर घटना के विरोध में नारेबाजी की गई। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम संतोष कुमार ओझा को सौंपा।
घटना के आरोपियों को गिरफ्तार कर उनपर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय पप्पू चौधरी, राकेश चौहान, रक्षाराम, भीम कुमार व बीडी सोनकर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
वहीं, अपना दल कमेरावदी के कार्यकर्ताओं ने भी मणिपुर की घटना के खिलाफ विरोध जताया। कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, भानु प्रताप, प्रमोद कुमार, किसन गुप्ता, लवकुश, जग नारायन व प्रमोद कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।