बलरामपुर। प्रचलन से बाहर हो चुके दो हजार रुपये के नोटों को बैंकों में जमा करने के लिए अब सिर्फ तीन दिन बाकी बचे हैं। वैसे तो बैंकों में दो हजार के नोट जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है, लेकिन 28 सितंबर को अवकाश होने के कारण नोट जमा करने के लिए मात्र तीन दिन का ही मौका मिलेगा।
केंद्र सरकार ने 19 मई से दो हजार रुपये के नोटों को चलन से बाहर कर दिया था। इसके बाद 23 मई से लोगों को बैंकों में दो हजार के नोट अपने खाते में जमा करने अथवा बदलने का मौका दिया गया था। इसके बाद शुरुआती एक सप्ताह में जरूर कुछ बैंकों में दो हजार रुपये के नोट जमा करने के लिए भीड़ जुटी दिखी। इसके बाद धीरे धीरे भीड़ खत्म होने लगी। जिले में अब तक करीब 90 करोड़ से ज्यादा दो हजार रुपये के नोट जमा हो चुके हैं। हालांकि बैंक अधिकारियों का कहना है कि जमा हुए नोटों की वास्तविक स्थिति तो 30 सितंबर की अंतिम तिथि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
लीड बैंक के मैनेजर अंकित गुप्ता का कहना है कि दो हजार के नोट चलन में बंद किए जा चुके हैं। 30 सितंबर तक ही नोट जमा हो सकेंगे। ऐसे में जिनके भी पास दो हजार के नोट बचे हों, वह अपने नजदीकी शाखा में जमा कर सकते हैं।