बलरामपुर। तुलसीपुर में तार चोरी के मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। वहीं, चोरी करके ले जाए जा रहे तार से लदे पिकअप के नीचे दबे मृत युवक की पहचान कर ली गई। मामले को लेकर पुलिस अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
हरैया थाने के सोनार पुरवा गांव निवासी व पावर कारपोरेशन के ठेकेदार उदय प्रताप शुक्ल ने बताया कि उनका गोदाम तुलसीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर मार्ग स्थित नथुनिया मोड़ पर है। बृहस्पतिवार रात में गोदाम से कुछ लोग सात लाख रुपये का तार चोरी करके पिकअप से लेकर चले गए। गोदाम पर रहे श्रमिकों को धमकाया भी। बाद में पिकअप रास्ते में पलट गई, इसमें एक युवक की मौत हो गई थी।
पिकअप के नीचे दबे युवक की पहचान 31 वर्षीय विनोद कुमार निवासी मसीहाबाद थाना रेहरा के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है। सीओ तुलसीपुर राकेश कुमार सिंह का कहना है कि मृत युवक की पहचान हो गई है। परिजनों व पिकअप मालिक से जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए दो टीमों का गठन किया गया है।