बलरामपुर। चित्तौड़गढ़ बांध निर्माण खंड के सहायक अभियंता द्वितीय गाेपाल राम को फोन पर ठेकेदार के करीबी द्वारा अभद्रता से बात करते हुए धमकाने का मामला प्रकाश में आया है। सहायक अभियंता ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है। वहीं, सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों ने कार्रवाई की मांग की है।
सहायक अभियंता गोपाल राम ने एक्सईएन को लिखे पत्र में कहा है कि शीतलापुर रजबहा पर सिल्ट सफाई व स्क्रैपिंग का कार्य शहर के एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। अनुबंध के तहत 13 नवंबर से शुरू हुआ कार्य दो दिसंबर तक पूरा होना है। कार्यस्थल पर जूनियर इंजीनियर राहुल वर्मा कार्य देख रहे हैं। आरोप लगाया कि कार्य मानक के अनुरूप न होने पर फोटो उपलब्ध कराई गई। इसमें ठेकेदार द्वारा जेसीबी से सफाई कराते हुए दिखाया जा रहा था।
इसपर उन्होंने काम करा रहे व्यक्ति को फोन करके काम सही से कराने को कहा। बताया कि इसके बाद 28 नवंबर को दोपहर में ठेकेदार के प्रतिनिधि ने फोन करके गाली-गलौज व अभद्रता से बात की, धमकी भी दी। सहायक अभियंता ने कार्रवाई की मांग की है। अधिशासी अभियंता अखिलेश सिंह का कहना है कि पत्र मिला है। जांच कराई जा रही है। कार्रवाई होगी।
इंजीनियरों ने जताई नाराजगी
सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों ने अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा है। जिसमें सहायक अभियंता को सुरक्षा प्रदान करने, ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर फर्म को ब्लैक लिस्ट करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कहा है कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा।