बलरामपुर। सदर ब्लॉक के एक ग्राम पंचायत के प्रधान पद पर होने वाले उप चुनाव में दो दावेदरों ने रविवार को पर्चा दाखिल कर दिया है। जिले के सभी नौ ब्लॉकों में 91 सदस्य सीटों पर एकल पर्चे भरे गए हैं।
नामांकन पत्रों की जांच 13 दिसंबर को की जाएगी। 14 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी और तीन बजे के बाद कार्य समाप्ति तक चुनाव निशान आवंटित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम श्रुति ने आरओ व एआरओ को उप चुनाव कराने का निर्देश दिया है।
एडीओ पंचायत सदर अशोक कुमार दूबे ने बताया कि ग्राम पंचायत सिरसिया में प्रधान पद पर आरक्षित अनुसूचित जाति महिला के लिए उप चुनाव कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत के चार लोगों ने पर्चा खरीदा था जिसमें से दो लोगों ने अपना पर्चा निर्धारित अवधि में दाखिल किया है।
सदर ब्लॉक के छह ग्राम पंचायत में रिक्त एक-एक सदस्य सीटों पर एकल नामांकन पत्र भरे गए हैं। ब्लॉक गैड़ास बुजुर्ग में छह, तुलसीपुर में चार, हरैया सतघरवा में आठ, पचपेड़वा में 13, श्रीदत्तगंज में 18, उतरौला में आठ, रेहरा बाजार में 20 और गैसड़ी में सात ग्राम पंचायत सदस्य सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
डीएम ने जिले के सभी नौ ब्लॉकों में एक-एक आरओ व एआरओ को पंचायत उपचुनाव कराने के लिए तैनात कर दिया है। तीन-तीन आरओ व एआरओ को भी रिजर्व के रुप में तैनात किया गया है।
नामांकन पत्रों की जांच 13 दिसंबर को की जाएगी। 14 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी और तीन बजे के बाद कार्य समाप्ति तक चुनाव चिन्ह् आवंटित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को सुबह आठ से सायं पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा और 21 दिसंबर को काउंटिंग कराई जाएगी। उपचुनाव के सभी कार्यक्रम संबंधित ब्लॉकों पर ही कराए जाएंगे।