बलरामपुर। खुले में रखे बिजली के ट्रांसफार्मर जानवरों के जान की आफत बन गए हैं। तुलसीपुर ब्लॉक के कई गांवों में गांवों में खुले में ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। क्षेत्र के लोगों ने बिजली विभाग के अफसरों व कर्मियों की लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर शीघ्र समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
थाना महराजगंज तराई के ग्रामीण आशीष तिवारी, बंटू सिंह, अभय, रहीम, बड़कऊ, इबारत व अब्दुल्ला आदि ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि गुलरिहा, पाटेश्वरीनगर, दुदरा, परसियाकला व महराजगंज तराई सहित छह से अधिक गांव में खुले में ट्रांसफार्मर रखे हुए है।
विभागीय लापरवाही के कारण खुले में रखे ट्रांसफार्मर दुर्घटना का सबब बन रहे हैं। आए दिन जानवर ट्रांसफार्मर से झुलस कर घायल हो रहे हैं। ट्रांसफार्मर के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बनाने के लिए कई बार बिजली विभाग के जेई से शिकायत की गई लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं हो सका है।
इन लोगों ने डीएम से तत्काल समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। बिजली विभाग के एसडीओ ने ग्रामीणों से बताया कि खुले में रखे ट्रांसफार्मर के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से बजट मिलने के बाद सुरक्षा घेरे का निर्माण कराया जाएगा।