बलरामपुर। आधुनिक संसाधनों से लैस लाइफ लाइन एक्सप्रेस ट्रेन 10 से 30 दिसंबर तक तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर रहेगी। इसके माध्यम से मरीजों को आंख, कान के साथ प्लास्टिक व डेंटल सर्जरी जैसी सुविधाओं का फायदा मिलेगा। इसमें मौजूद मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ मरीजों का आधुनिक तकनीक से लैस इलाज मुहैया कराएगा। यह जानकारी सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि तुलसीपुर स्थित रेलवे स्टेशन पर लाइफ लाइन एक्सप्रेस ट्रेन के आने की तैयारियां पूरी हो गयी है। इलाज की आधुनिक सुविधा से लैस यह ट्रेन 10 दिसंबर को आएगी। ट्रेन पर मौजूद मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ इलाज की आधुनिक तकनीक से मरीजों को आंख, कान के साथ जनरल, प्लास्टिक व डेंटल सर्जरी जैसी चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराएंगे। विभागीय स्तर पर लाइफ लाइन एक्सप्रेस ट्रेन के माध्यम से बेहतर इलाज सुविधा पाने के लिए प्रचार-प्रसार भी शुरू शुरू कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि इस कार्य के लिए सभी सीएसची व पीएचसी के चिकित्साधिकारियों की अगुवाई में आशा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता व आरबीएस की टीमों को जुटाया गया है।
सीएमओ ने बताया कि लाइफ लाइन एक्सप्रेस ट्रेन पर मरीजों को इलाज पाने के लिए पंजीकरण कराना होगा। जिले के सभी नौ सीएचसी व 24 पीएचसी के पैरा मेडिकल स्टाफ को ऐसे मरीजों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने की जिम्मेेेदारी भी सौंपी गई है, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को इस सुविधा का लाभ दिलाया जा सके।