-बलरामपुर के नैकिनिया गांव के पास कटा अप्रोच।-संवाद
पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर )। पिपरहवा चौराहा से नंदमहरा जाने वाले मार्ग पर नैकिनिया गांव के पास राप्ती मुख्य नहर पुल के अप्रोच की मिट्टी धंसने से बड़ा गड्ढा हो गया है। इससे जहां लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
क्षेत्रवासी रणवीर सिंह, ग्राम प्रधान सर्बजीत, अशोक कुमार सिंह, रियाज अहमद, समर बहादुर सिंह, चंद्रभान सिंह, राज कुमार व शैलेश कुमार ने राप्ती नहर परियोजना के एक्सईएन को भेजे गए पत्र में कहा है कि पुल के अप्रोच की मिट्टी खिसकने से बड़ा गड्ढा हो गया है। चार पहिया व बड़े वाहनों को पुल पार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बड़े वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। इस मार्ग से सैकड़ों की संख्या में प्रतिदिन वाहन गुजरते हैं। ग्राम नैकिनिया, भंगहा कला, बेलीखुर्द, रेहरा, भगवानपुर, मदरहवा, नंदमहरा व शिवानगर सहित 15 से अधिक गांव के लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। लोगों ने शीघ्र ही पुल के अप्रोच की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
शासन को भेजा गया प्रस्ताव
नैकनिया गांव के पास पुल के अप्रोच की मरम्मत कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलने के बाद तत्काल अप्रोच की मरम्मत करा दी जाएगी। - सुरेंद्र प्रसाद, एक्सईएन राप्ती नहर परियोजना