फोटो-29-बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय संझवल प्रेमनगर में विद्यार्थियों को पढ़ाते शिक्षक।-संवाद
श्रीदत्तगंज। परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दावों के बीच क्षेत्र के दो कंपोजिट विद्यालयों में शिक्षकों की गंभीर कमी सामने आई है। स्थिति यह है कि 313 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई मात्र पांच शिक्षकों के सहारे संचालित हो रही है। ऐसे में शिक्षकों को एक साथ कई कक्षाओं का संचालन करने के साथ-साथ विभागीय कार्यों का भी भार उठाना पड़ रहा है, जिससे पठन-पाठन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
कंपोजिट विद्यालय संझवल प्रेमनगर में 181 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जहां केवल तीन शिक्षक तैनात हैं। इनमें हेड इंचार्ज विनय कुमार जूनियर स्तर (कक्षा 6 से 8) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) का संचालन कृष्ण कुमार और आस्था राय कर रहे हैं।
वहीं कंपोजिट विद्यालय प्रेमनगर में 132 छात्र-छात्राओं की शिक्षा व्यवस्था मात्र दो शिक्षकों के भरोसे है। यहां कंचन गुप्ता कक्षा 1 से 4 तक और हेड इंचार्ज राम लाल कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। दोनों शिक्षकों पर शिक्षण कार्य के साथ-साथ प्रशासनिक एवं विभागीय दायित्वों का अतिरिक्त बोझ भी है।
अभिभावकों एवं ग्रामीणों—उमेश चंद यादव, सुनील यादव, मो. उमर, सहरोज सलमानी, शाबिर अली, शमशेर अहमद और असगर अली—ने विभाग से जल्द से जल्द अतिरिक्त शिक्षकों की तैनाती की मांग की है।
खंड शिक्षा अधिकारी का पक्ष
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्य ने बताया कि दोनों विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की जानकारी विभाग को है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलते ही रिक्त पदों पर तैनाती कर शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।