बलरामपुर। जनपद के तुलसीपुर तहसील में कई दशकों से बस स्टेशन निर्माण की मांग उठ रही है, लेकिन आज तक शहरवासियों का सपना साकार नहीं हो सका है। तुलसीपुर में ही 51 शक्तिपीठों में शुमार मां पाटेश्वरी का मंदिर स्थित हैं। देवीपाटन मंदिर में प्रदेश के कई जिलों से श्रद्धालु आते हैं। यहां से प्रतिदिन दो से तीन हजार यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में तुलसीपुर में बस स्टेशन की जरूरत महसूस हो रही है।
जिले का तुलसीपुर नगर पंचायत देवीपाटन मंदिर के चलते पूरे भारत में जाना हैं। नगर पंचायत में बाजार का दायरा बढ़ने के साथ ही आबादी भी बढ़ती जा रही है। तुलसीपुर में शक्तिपीठ होने के कारण यहां साल भर श्रद्धालुओं का आवागमन भी रहता है। नगर में रोडवेज न होने से लोगों को सड़क किनारे खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय व्यापारी व समाजसेवी कई बार बस स्टेशन निर्माण के लिए आंदोलन भी कर चुके है। फिर भी बस स्टेशन निर्माण के कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
चैत्र व शारदीय नवरात्र में बनता अस्थाई बस अड्डा
- तुलसीपुर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में चैत्र नवरात्रि में एक माह तक राजकीय मेला लगता है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही नेपाल राष्ट्र से भी श्रद्धालु मां पाटेश्वरी का दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम तुलसीपुर में अस्थाई बस अड्डा बनाता है। अस्थाई बस अड्डे पर एक माह तक कर्मचारियों की तैनाती कर बसों का संचालन किया जाता है। इसके अलावा शारदीय नवरात्र में भी अस्थाई बस अड्डा बनाकर श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन प्रदान किया जाता है।
चल रही है जमीन तलाशने की प्रक्रिया
- तुलसीपुर में बस स्टेशन निर्माण के लिए दो वर्ष से जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन चिन्हित होने के बाद बस स्टेशन निर्माण के लिए निदेशालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
- तरन्नुम, प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक/वरिष्ठ केंद्र प्रभारी