बलरामपुर। बच्चों को पढ़ाने में शिक्षक कोई कोताही न बरतें। बच्चों को पढ़ाने के साथ अन्य गतिविधियां भी कराए जिससे बच्चों का पढ़ाई में मन लगे। खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाएं तभी उनका मानसिक विकास हो सकेगा। कोरोना महामारी के चलते काफी अर्से बाद स्कूलों में रौनक आई है।
यह बातें सहायक शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल राम सागर पति त्रिपाठी ने सोमवार को सदर व तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्रों के सात स्कूलों के औचक निरीक्षण में कही। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र सदर के चार व तुलसीपुर के तीन स्कूलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शैक्षिक गतिविधियों का जायजा लिया। बीईओ सदर मनीराम वर्मा, बीईओ तुलसीपुर अरुण कुमार वर्मा, डीसी सामुदायिक सहभागिता निरंकार पांडेय व डीसी प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी सहित सभी बीईओ व डीसी को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने का जिम्मा सौंपा।
सदर शिक्षा क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय बहादुरापुर प्रथम व द्वितीय, प्राथमिक विद्यालय खगईजोत प्रथम व द्वितीय और तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र के देवीपाटन प्रथम व द्वितीय एवं अंग्रेजी माध्यम से संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय देवीपाटन को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी स्कूलों में व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त पाई गई।