फोटो-2-बलरामपुर में बीएसए को ज्ञापन सौंपते विशिष्ट बीटीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। राजस्थान व झारखंड ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल कर दी है लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी भी नई पेंशन नीति लागू है। जिले में कई वर्षों से शिक्षकों की पदोन्नति एवं समायोजन प्रक्रिया लंबित है। शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। ये बातें बीते दिन बीएसए डॉ. रामचंद्र को ज्ञापन सौंपते हुए विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान ने कहीं।
प्रदेश कोषाध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान व झारखंड में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कर दी गई है। छत्तीसगढ़ में भी पुरानी पेंशन बहाल करने की घोषणा वहां के मुख्यमंत्री ने की है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों के हित को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए। एसोसिएशन जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ल ने कहा कि विगत कई वर्षों से लंबित शिक्षकों की पदोन्नति एवं समायोजन प्रक्रिया बहाल करते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जाए।
जिन सहायक शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाकर कार्य लिया जा रहा है उन्हें प्रधानाध्यापक का वेतन दिया जाय। महामंत्री तुलाराम गिरि ने कहा कि निरीक्षण/बैठक के दौरान अधिकारी अध्यापकों से उनकी गरिमा को ध्यान में रखते हुए संयमित भाषा में ही संवाद या सवाल जवाब करें। ज्ञापन सौंपते समय मसूद आलम अंसारी, सुभाष चंद्र मिश्र, धर्मेंद्र गुप्ता, शिवाकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। संवाद