बलरामपुर। शिक्षिकों की समस्याओं को लेकर प्रांतीय कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान के नेतृत्व में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल बीएसए तथा वित्त एवं लेखाधिकारी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में एसोसिएशन ने शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण कराए जाने की।
बीएसए डॉ. रामचंद्र तथा वित्त एवं लेखाधिकारी श्रवण कुमार सिंह को सौंपे गए मांग पत्र में एसोसिएशन ने मांग किया है कि काफी दिनों से रिक्त पड़े प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति शुरू की जाए।
जिले के अंदर शिक्षकों का समायोजन किया जाए। 11 प्रतिशत डीए बढ़ोतरी के साथ अगस्त माह का वेतन सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में देने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा एसोसिएशन ने शिक्षकों के समस्त एरियर का भुगतान कराए जाने, जीपीएफ खाते में उपलब्ध धन की जानकारी के लिए लेखा पर्ची उपलब्ध कराए जाने, जिन शिक्षकों का नई पेंशन स्कीम के तहत प्रान एलाट है उनकी कटौती अविलंब शुरू किए जाने तथा जिन शिक्षकों का अब तक एलाट नहीं हो पाया है उनका प्रान नंबर अविलंब एलाट कराया जाने की मांग की है।
इस अवसर पर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार शुक्ला, महामंत्री तुलाराम गिरी, संयुक्त मंत्री विनोद चौहान, जिला प्रवक्ता डा. उत्तम चंद गुप्ता, मसूद आलम अंसारी, सुभाष मिश्रा, राहुल श्रीवास्तव, संजीव सिंह, राजेश यादव, धर्मेंद्र कुमार व सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।