बलरामपुर। जिले को जल्द ही बीएसएल-टू लैब की सुविधा मिल जाएगी। संयुक्त जिला चिकित्सालय में बीएसएल-टू लैब संचालन के लिए तैयार है। जल्द ही लैब का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। लैब का संचालन शुरू होने पर कोरोना की आरटीपीसीआर जांच सहित अन्य तमाम बीमारियों की जांच यहीं पर होने लगेगी। मरीजों को जांच के लिए बाहर नही जाना पड़ेगा।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी पर नियंत्रण के लिए प्रदेश सरकार जांच प्रकिया का विस्तार करने में जुटी है। इसी क्रम में सरकार ने सभी जनपदों में बीएसएल-टू (बायो सेफ्टी लैब) स्थापित करने का निर्णय लिया है।
सरकार की मंशा के अनुरूप संयुक्त जिला चिकित्सालय में बीएसएल-टू लैब बनकर तैयार है। करीब बीस लाख रूपये से जांच के उपकरणों सहित अन्य संसाधनों से लैब को लैस कर दिया गया है।
लैब संचालन के लिए दो नान मेडिकल साइंटिस्ट, तीन लैब टेक्नीशियन एवं एक डाटा इंट्री ऑपरेटर की तैनाती की जानी है। इन लोगों की तैनाती के लिए इंटरव्यू लिया जा रहा है। कर्मियों की तैनाती होते ही लैब का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में तैयार किए गए बीएसएल-टू लैब का संचालन शुरू होने पर कोविड की आरटीपीसीआर जांच यहीं पर की जाएगी। लैब में कोरोना जांच के साथ डेंगू, जेई, चिकुनगुनिया, जीका वायरस एवं एईएस आदि बीमारियों की जांच भी होने लगेगी। इन बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को न तो बाहर जाना पड़ेगा और न अधिक पैसे ही खर्च करने पड़ेंगे। मरीजों को मुफ्त जांच की सुविधा मिलेगी।