बलरामपुर। फिटनेस प्रमाण पत्र न होने पर संभागीय परिवहन विभाग की ओर से गत दिनों 150 स्कूली वाहनों का परमिट निलंबित किया गया था। बार-बार चेतावनी के बाद भी विद्यालय प्रशासन वाहनों का फिटनेस नहीं करा रहे हैं। स्कूल खुलने से पहले यदि वाहनों का फिटनेस कराए बिना संचालन किया गया तो वाहन सीज कर दिया जाएगा।
एआरटीओ अरविंद यादव ने बताया कि जिले के 167 विद्यालयों में 333 वाहनों का संचालन किया जा रहा है। गत दिनों 150 स्कूली वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र न होने पर उनका परमिट निलंबित कर दिया गया था। स्कूल संचालकों को नोटिस देते हुए जल्द से जल्द वाहनों का फिटनेस कराने का निर्देश दिया गया था। नोटिस के बाद केवल 9 स्कूली वाहनों का फिटनेस कराया गया है। अभी भी 141 वाहनों का फिटनेस कराया जाना है। बार-बार चेतावनी के बाद भी स्कूल संचालक अपने वाहनों का फिटनेस नहीं करा रहे हैं। एआरटीओ ने बताया कि एक बार फिर स्कूल संचालकों को नोटिस दी गई है। स्कूल खुलने से पहले ही वाहनों का फिटनेस हर हाल में करा लें। संवाद