बलरामपुर। जिले के 2,89,547 किसानों को 9वीं किस्त के रुप में दो-दो हजार रुपये की सौगात मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ अगस्त को किसानों के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर करेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पोर्टल पर जिले में 8,832 अपात्रों, मृतकों व आयकरदाता लाभार्थी किसानों से धनराशि वापस लेने के लिए कृषि विभाग ने ब्यौरा फीड करा दिया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले अपात्र किसानों के खातों से धनराशि कटौती करके भारत सरकार को वापस करने लिए कृषि विभाग ने बैंकों को पत्र भेजा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रारंभ होने पर जिले के 2,97,364 किसानों ने पोर्टल पर डाटा फीड कराने के लिए आवेदन किया था। जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन गलत होने अथवा अपात्र पाए जाने पर जिले के 7,817 किसानों का आवेदन भारत सरकार की तरफ से रिजेक्ट कर दिया गया था।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मौजूदा समय में भारत सरकार के पोर्टल पर जिले के 2,89,547 किसानों का डाटा रजिस्टर्ड है। प्रथम किस्त के रुप में जिले के 2,68,139 किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि से दो-दो हजार रुपये की धनराशि दी गई थी।
जांच-पड़ताल के बाद जिले के 2,64,763 किसानों को दूरी किस्त का भुगतान किया गया। तीसरी किस्त में किसानों की संख्या घट कर 2,51,424 तक रह गई। जिले के 2,38,232 किसानों को चौथी, 2,23,131 किसानों को पांचवीं, 1,98,273 किसानों को छठवीं, 1,94,717 किसानों को सातवीं और 1,54,686 किसानों को आठवीं किस्त के रुप में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लाभ मिल सका।
कृषि विभाग ने व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर जिले के किसानों से योजना में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। किसानों से ऑनलाइन आवेदन कराकर और गहन जांच-पड़ताल कराकर कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पोर्टल पर जिले के 2,89,547 किसानों का डाटा फीड करा दिया है जिन्हें 9वीं किस्त मिलेगी। प्रधानमंत्री की तरफ से नौ अगस्त को इन्हीं किसानों के बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से दो-दो हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर की जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सस्मान निधि योजना की 9वीं किस्त का भुगतान कराने के लिए पोर्टल पर जिले के 2,89,547 किसानों का डाटा फीड करा दिया गया है। नौ अगस्त को प्रधानमंत्री पोर्टल पर डाटा फीड होने वाले किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर करेंगे।
जिले के 8,832 किसानों से रिकवरी कराने के लिए पोर्टल पर डाटा फीड करा दिया गया है जिसमें 6502 किसानों को अपात्र पाया गया है। जांच-पड़ताल में 640 किसान मृतक पाए गए हैं। योजना का लाभ लेने वाले 1690 किसान आयकरदाता श्रेणी में पाए गए हैं।
डॉ. प्रभाकर सिंह, उप कृषि निदेशक