फोटो-11-बलरामपुर के पकड़ी मधपुर गांव में प्रदर्शन करते ग्रामीण।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
गौरा चौराहा(बलरामपुर)। मानकविहीन सीसी रोड का निर्माण किए जाने पर बुधवार को पकड़ी मधपुर गांव के ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने गांव में रोड निर्माण का काम रुकवा दिया है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर निर्माण कार्य की जांच कराए जाने की मांग की। डीएम को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने तथा दोषी ठेकेदार के विरुद्घ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
गैसड़ी विकास खंड के ग्राम पकड़ी मधपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला, राम अभिलाष, पवन कुमार, पंकज प्रजापति, कृपा शंकर, राधेश्याम पांडेय, गिरधर यादव, दीपक मिश्रा, जितेंद्र कुमार, राम केवल व सूर्यभान आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि ग्राम सभा में सीसी रोड बन रहा है। रोड निर्माण में गिट्टी की जगह पीले ईंट का रोड़ा डाला जा रहा है। मिट्टी डालकर उसे बराकर कर दिया जा रहा है। आरसीसी रोड के बगल सुरक्षा दीवाल भी पीले ईंट से ही बनाया जा रहा है। मानकविहीन सड़क बनने से कुछ ही दिनों में वह टूट जाएगी। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। इन लोगों ने डीएम को पत्र भेजकर निर्माण कार्य की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।