बलरामपुर। जरवा क्षेत्र के लौकी खुर्द गांव में ग्राम समाज की भूमि पर लगे पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। लेखपाल की तहरीर और उपजिलाधिकारी के आदेश के बाद ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लेखपाल नगई विजय कुमार सोनी ने बताया कि 31 मार्च को दिन में करीब 12 बजे सूचना मिली कि लौकी खुर्द गांव में ग्राम समाज की जमीन पर लगे पेड़ों को काटा जा रहा है। सूचना पर जब वह मौके पर पहुंचे तो पेड़ काटने वाले लोग वहां से फरार हो गए। मौके का निरीक्षण करने पर एक सेमर का कटा हुआ पेड़ पड़ा मिला, जबकि एक अन्य पेड़ की लकड़ी भी बरामद हुई। दोनों पेड़ गाटा संख्या 241/0.125 हेक्टेयर की ग्राम समाज की भूमि पर लगे हुए थे। मौके पर मौजूद ग्रामीण अनूप कुमार ओझा ने बताया कि उक्त पेड़ों को गांव के ग्राम प्रधान हैसियत अली, ईदू रायनी व गोचे निवासी लौकी खुर्द द्वारा कटवाया गया है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
इस मामले में उपजिलाधिकारी तुलसीपुर राकेश जयंत ने 16 अप्रैल को संबंधित आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।