बलरामपुर। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर मंगलकारी हनुमान जी की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। हनुमानगढ़ी सहित अन्य मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोगों ने विधिविधान से हनुमानजी की पूजा करके बल, बुद्धि व विद्या का आशीर्वाद मांगा। व्यापारियों सहित समाजसेवी संस्थाओं ने जगह-जगह पांडाल लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया।
हनुमान जी को कलियुग का देवता माना गया है। धर्म ग्रंथों के अनुसार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अपने भक्त हनुमान जी को अमरता का वरदान देते हुए कलियुग में प्रमुख देव के रूप में पूजा का आशीर्वाद दिया था। मान्यता है कि ज्येष्ठ माह के प्रत्येक मंगलवार को बजरंगबली की पूजा करने से भक्तों के जीवन से सभी संकट दूर होते हैं। बजरंगबली अपने भक्तों के सभी मनोरथ पूर्ण करते हैं। शरीर स्वस्थ और निरोगी होता है। इसी मान्यता के अनुरूप ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार को वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में भोर से ही श्री रामचरित मानस पाठ का शुभारंभ किया गया। दिनभर बजरंगबली की पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के पुजारी उद्धव दास सहित अयोध्या से आए साधु-संतों ने पूरे दिन मंगलगान किया।
रानी तालाब स्थित हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के साथ पूरे दिन भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। यहां भोर से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर बल, बुद्धि व विद्या का आशीर्वाद मांगा। झारखंडी मंदिर, पीपल तिराहा हनुमान मंदिर, तुलसीपुर स्थित हनुमानगढ़ी, पंचमुखी हनुमान मंदिर, उतरौला के दुखहरण नाथ मंदिर एवं भगवतीगंज के हनुमान मंदिर में भी धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा पचपेड़वा, गैसड़ी, मथुरा बाजार, हरैया, शिवपुरा, ललिया, बलरामपुर देहात, गौरा चौराहा, श्रीदत्तगंज, पेहर बाजार, महदेईया, सादुल्लाहनगर, गैड़ास बुजुर्ग, रेहरा बाजार आदि स्थानों पर भी तीसरा बड़ा मंगल धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर सभी संकट दूर करने तथा परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
पूड़ी-सब्जी तो कहीं शरबत व बूंदी बांटी गई
बड़ा मंगल पर जगह-जगह भंडारा आयोजित करके भक्ताें को प्रसाद बांटा गया। कहीं पूड़ी-सब्जी, छोटा-चावल तो कहीं बूंदी, शरबत आदि बांटा गया। महारानी धर्मशाला प्रांगण में मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा बजरंगबली के पूजन के साथ भंडारे का शुभारंभ हुआ। यहां गेल्हापुर मंदिर के महंत बृजानंद जी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, उनके प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, गोविंद सोनकर, बृजेंद्र तिवारी, डीपी सिंह, रवींद्र गुप्ता कमलापुरी आदि ने प्रसाद ग्रहण किया। ज्योति टॉकीज बलरामपुर होटल के सामने श्री बालाजी सेवा समिति द्वारा आयोजित भंडारे का शुभारंभ पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना से किया। इस मौके पर नरेंद्र सिंह, सचिन पाहवा, दीनू पंजवानी, रीतेश गुप्ता, संजीत मिश्र, दिनेश तिवारी, राजन आदि मौजूद रहे।
तुलसीपुर में रिलांयस पेट्रोल पंप पर पूर्व वन निगम चेयरमैन सलिल सिंह टीटू ने भंडारे का शुभारंभ किया। यहां रामजी आर्य, श्यामदीप मिश्र, आनंद सिंह अन्नू, जयगोपाल सोनी आदि मौजूद रहे। हनुमानगढ़ी चौराहा तुलसीपुर में हनुमत सेवा समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। यहां राजीव गोयल, अनुराग अग्रवाल, प्रवेश कुमार सिंह ने प्रसाद बांटा। पेहर बाजार के छिपिया बाजार में हनुमान मंदिर पर रिंकू व पिंटू गुप्ता की तरफ से प्रसाद का वितरण किया गया। गौरा चौराहा पर हनुमान चालीसा पाठ के बाद शिवम गुप्ता, शिवशंकर गुप्ता, रामगोपाल पटवा व शोभित श्रीवास्तव ने प्रसाद वितरित किया।
फोटो-13-बलरामपुर के रेहरा बाजार में बड़े मंगल पर श्रद्घालुओं को वितरित किया जा रहा प्रसाद।-संवाद- फोटो : BALRAMPUR