बलरामपुर। ब्लॉकों के मेले में लाभार्थियों को योजनाओं की सौगात दी गई। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर जिले में कार्यक्रमों की धूम रही। ब्लॉक स्तरीय मेलों में लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, नए भवन की चाभी, किट वितरण, महिला स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण, दिव्यांगजनों को सहयोगी उपकरण वितरित किए गए। साथ ही साफ सफाई कर पंडित जी के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला गया और उनके बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
सदर ब्लॉक परिसर में विधायक पल्टूराम, डीसी मनरेगा महेंद्र देव पांडेय, बीडीअं सागर सिंह व एडीओ पंचायत अशोक कुमार दूबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर गरीब कल्याण मेला / किसान कल्याण मेले का शुभारंभ किया।
सदर विधायक ने कहा कि पंडित जी ने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हमेशा लड़ाई लड़ी। उनके सपनों को साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर संकल्प लेना होगा।
मेले में आवास, मनरेगा, एनआरएलएम, पेंशन, मंगल दल प्रोत्साहन, कृषि विभाग की योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएमकेएसवाई, दिव्यांग उपकरण सहायता, मातृ शिशु, बालिका मदद, कन्या विवाह, उद्यान, कौशल विकास, स्वास्थ्य व चिकित्सा से जुड़े स्टालों को लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
विधायक ने 94 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, नए भवन की चाभी व किट वितरित किया। एनआरएलएम की 10 महिला स्वास्थ्य समूहों को पांच लाख रुपये का सीसीएल ऋण वितरित किया गया। पांच दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल दी गई। उतरौला में विधायक राम प्रताप वर्मा ने ब्लॉक स्तरीय मेले का उदघाटन किया।
इससे पहले विधायक ने प्राचीन काली माता मंदिर की साफ सफाई की। गाय को चारा खिलाया। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया जिससे समाज व राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकें। इस अवसर पर महेंद्र प्रताप सिंह, सभासद केदारनाथ, सूरज, फणींद्र, राकेश गुप्ता, आयुष जायसवाल व हरिओम आदि मौजूद रहे।
मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल एसबीएस रंगाराव ने उतरौला ब्लॉक के मेले का निरीक्षण कर लोगों को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने का निर्देश दिया। हरैया सतघरवा ब्लॉक के शिवपुरा स्थित परिसर में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने मेले का शुभारंभ किया और लाभार्थियों को योजनाओं की सौगात दी। तुलसीपुर ब्लॉक के कौवापुर स्थित परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की ने मेले का शुभारंभ किया।