फोटो-14-बलरामपुर में वेतन न मिलने पर आक्रोश जताते आउट सोर्सिंग कर्मी।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार में दो माह का वेतन न दिए जाने से नाराज नगर पालिका बलरामपुर के आउट सोर्सिंग कर्मी सड़क पर उतर आए है। इन लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। कर्मियों ने मुख्यमंत्री तथा डीएम से वेतन दिलाने की मांग की है।
वेतन के लिए प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका बलरामपुर में कार्यालय, प्रकाश विभाग तथा जलकल विभाग आदि में तैनात आउट सोर्सिंग कर्मी उत्तर प्रदेश सफाई एवं आउट सोर्सिंग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद चौहान के नेतृत्व में अब आरपार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आउट सोर्सिंग कर्मी संतोष पांडेय, रवींद्र गिरि, विवेक मिश्रा, मनीष श्रीवास्तव, रवि प्रताप सिंह, शनी सिंह व रेहान जावेद आदि ने कहा कि उन्हें विगत सितंबर तथा अक्टूबर माह का वेतन नहीं दिया गया है। वेतन मांगने पर नगर पालिका के ईओ आरके जायसवाल तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली नौकरी से निकालने की धमकी देते है।
प्रतिदिन निर्धारित 337 रुपये मजदूरी की जगह मात्र 322 रुपये का भुगतान किया जाता है। वेतन के लिए 12वें व 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के नगर पालिका के चहेते ठेकेदारों व अन्य मदों में खर्च कर दी जाती है। यही नही संविदा आउट सोर्सिंग कर्मियों की संख्या कागज में अधिक दर्शाकर सरकारी धन की बंदर बांट भी की जा रही है। इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें शीघ्र वेतन न मिला तथा उत्पीड़न बंद न किया गया तो वह लोग कार्य बहिष्कार व भूख हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।