बलरामपुर। गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत और पिपरा बाजार को ब्लॉक का दर्जा दिए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने भी इस मांग को लेकर एक ज्ञापन केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को प्रेषित किया है।
बताया गया कि तत्कालीन डीएम कृष्णा करुणेश ने 12 दिसंबर 2020 को गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए सरकारी गजट कराया था। सरकारी गजट में गैसड़ी बाजार के आसपास के गांवों को शामिल कर नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। साफ किया गया था कि गैसड़ी बाजार की आबादी के साथ अन्य सभी मानक भी नगर पंचायत का दर्जा पाने के लिए पर्याप्त है। इसके बावजूद इस प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। गैसड़ी विधायक ने वित्त राज्य मंत्री भारत सरकार से गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत और पिपरा बाजार को ब्लॉक का दर्जा दिलाने की मांग की है। संवाद