बलरामपुर। जिले के दिव्यांग बच्चों के लिए 23 नवंबर से मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। बीईओ की निगरानी में ब्लॉक संसाधन केंद्रों के मेडिकल कैंपों में दिव्यांग बच्चों के दिव्यांगता की परख की जाएगी। जिले के सभी स्पेशल एजुकेटर्स को बीएसए डॉ. रामचंद्र ने दिव्यांग बच्चों के लिए लगाए जाने वाले कैंपों के तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है।
समेकित शिक्षा की जिला समन्वयक आभा त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि जिले में छह से 14 वर्ष तक दिव्यांग बच्चों में दिव्यांगता की जांच करने के लिए 23 नवंबर से शिक्षा क्षेत्रवार मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों में प्रात: 10 बजे से मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। शिक्षा क्षेत्र पचपेड़वा के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर 23 नवंबर, गैसड़ी में 27 नवंबर, तुलसीपुर में एक दिसंबर, शिवपुरा में 4 दिसंबर, सदर में 7 दिसंबर, श्रीदत्तगंज में 14 दिसंबर, उतरौला में 18 दिसंबर, रेहरा बाजार में 21 दिसंबर, गैड़ास बुजुर्ग में 28 दिसंबर और नगर संसाधन केंद्र बलरामपुर में 30 दिसंबर को मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे।
सभी स्पेशल एजुकेटर्स अपने-अपने शिक्षा क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर चार दिन पहले सभी दिव्यांग बच्चों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएंगे। कैंप की तिथि में अधिक से अधिक दिव्यांग बच्चों को प्रतिभाग कराएंगे। कार्य में लापरवाही बरतने वाले स्पेशल एजुकेटर्स के खिलाफ बीएसए ने कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को मेडिकल कैंप की निगरानी करने का निर्देश दिया है।