बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में आयोजित लंबी कूद में प्रतिभाग करते खिलाड़ी ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। माध्यमिक खेल समिति की तरफ से स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ी कई र्स्पधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज उतरौला के संयोजन में आयोजित 27वीं जनपदीय माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। विद्यार्थियों ने बैंडबाजा के साथ मुख्य अतिथि को सलामी दी। डीआईओएस ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। खेलकूद से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। कार्यक्रम के संयोजक व प्रधानाचार्य अबुल हाशिम खान व जिला खेल सचिव मो. सुहेल ने डीआईओएस को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर खेल शिक्षक पंकज पांडेय, अर्पण पांडेय, नसीम अहमद, स्मिता पाठक, उमेश तिवारी, सईद अहमद, मदन खान, मेराजुद्दीन, नवीन पाल, अभय शंकर कुरील आदि मौजूद रहे।
विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन दौड़ व शाटपुट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दौड़ में एजी हाशमी इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता का शुभारंभ बालक 100 मीटर हीट दौड़ से हुआ। इसमें अफजाल मलिक ने पहला स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर सीनियर बालिका दौड़ प्रतियोगिता में एजी हाशमी इंटर कॉलेज की चांदनी, 800 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में इसी कॉलेज की मधु वर्मा व 600 मीटर में महक ने बाजी मारी। शाट पुट प्रतियोगिता में बसंत लाल इंटर कॉलेज के अमरजीत ने पहला स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमामपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।