बलरामपुर। छुट्टी के दिन मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रविवार को जिले के 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। हालांकि, कई केंद्रों पर अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं चिकित्सक नदारद मिले तो कहीं लैब टेक्नीशियन की तैनाती न होने से मरीजों को जांच कराने में दिक्कत हुई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान सुबह 11:25 बजे चिकित्सकों की कुर्सियां खाली मिलीं। अस्पताल में एक भी चिकित्सक मौजूद नहीं था। फार्मासिस्ट संजय गुप्त दवा काउंटर पर बैठे मिले। चिकित्सक के न मिलने से कई मरीज बिना दवा लिए ही लौट गए।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर ने बताया कि कुछ चिकित्सकों की ड्यूटी दूसरे स्थानों पर लगाई गई है। वह खुद भी किसी काम से सीएमओ कार्यालय गए थे। इस कारण कुछ देर तक अस्पताल में मौजूद नहीं रहे। उन्होंने बताया कि सीएमओ कार्यालय से लौटने के बाद मरीजों का उपचार किया।
उतरौला मार्ग पर धर्मपुर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. सूरज पाठक मरीजों का उपचार करते मिले। दोपहर 12:10 बजे तक वह तीन मरीजों को देख चुके थे। फार्मासिस्ट इंद्रेश वर्मा ने बताया कि अस्पताल में लैब टेक्नीशियन की तैनाती नहीं है। किट के माध्यम से कुछ जांचें हो जाती हैं, लेकिन अन्य जांचों के लिए मरीजों को वापस भेजना पड़ता है।
चिकित्साधिकारी ने बताया कि जानकारी के अभाव में इस पीएचसी पर कम ही मरीज आते हैं।
बुखार के अधिक मरीज पहुंचे
हरैया सतघरवा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुगौली में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके मिश्र ने मरीजों का उपचार किया। मेले में दवा लेने के लिए बुखार से पीड़ित अधिक मरीज पहुंचे। भंवरी खुर्द की नादिरा खातून (63) ने बताया कि उन्हें कई दिनों से बुखार है। उन्होंने जांच कराने के बाद दवा ली। मरजादनगर की सफीना खातून (18) खांसी और बुखार की दवा लेने आई थीं। वहीं, गुगौली की राजमनि सैनी भी खांसी की दवा लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। लैब टेक्नीशियन रामनरायन कुशवाहा ने बताया कि अस्पताल में मलेरिया, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य जांचें की जाती हैं।
फोटो-13-बलरामपुर के पीएचसी जोकहिया में खाली चिकित्सक की कर्मी ।-संवाद- फोटो : 1